रोहित शर्मा की कप्तानी पारी (68) की मदद से मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को दुबई में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेटों से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के खिताब पर कब्जा जमाया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी कर कप्तान श्रेयस अय्यर (65 नाबाद) और रिषभ पंत (56) के अर्द्धशतकों से 7 विकेट पर 156 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 8 गेंद शेष रहते 5 विकेट खोकर जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनते हुए इतिहास रच दिया। मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब हासिल किए। दिल्ली पहली बार फाइनल में पहुंचा था और उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
मुंबई को रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक ने अच्छी शुरुआत दिलाई। मार्कस स्टोइनिस ने मुंबई को पहला झटका दिया जब उन्होंने डी कॉक (20) को रिषभ पंत के हाथों झिलवाया। सूर्यकुमार यादव 19 रन बनाकर रन आउट हुए, उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा को बचाने के लिए अपने विकेट का बलिदान दिया। रोहित ने कगिसो रबाडा की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। यह उनकी इस सीजन में तीसरी फिफ्टी है। वे 36 गेंदों में 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से इस मंजिल तक पहुंचे। रोहित शर्मा 68 रन बनाकर एनरिच नोर्किया की गेंद पर श्रेयस अय्यर द्वारा खूबसूरती से लपके गए। उन्होंने 51 गेंदों का सामना कर 5 चौके और 4 छक्के लगाए। मुंबई को तीसरा झटका 137 के स्कोर पर लगा। किरोन पोलार्ड 9 रन बनाकर कगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए। हार्दिक पोलार्ड 3 रन बनाकर एनरिच नोर्किया की गेंद पर अजिंक्य रहाणे को कैच थमाया। इसके बाद इशान किशन (33 नाबाद) और कृणाल पांड्या (1 नाबाद) ने जीत की औपचारिकताएं पूरी की |
चार बार के विजेता मुंबई इंडियंस का कुछ देर बाद दुबई में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) के फाइनल में पलड़ा भारी रहने का अनुमान है। मुंबई और दिल्ली के बीच इस सीजन में तीन मैच खेले जा चुके हैं और तीनों में मुंबई ने आसान जीत दर्ज की थी। इसके चलते मुंबई के खिलाड़ी बढ़े हुए मनोबल के साथ पांचवें खिताब के लिए मोर्चा संभालेंगे। श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली दिल्ली कैपिटल्स टीम पहली बार फाइनल में पहुंची हैं और उसके पास पहली बार खिताब हासिल कर इतिहास रचने का मौका रहेगा।

0 Comments